इंडोनेशिया के बडुंग शहर में 25 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाली वर्ल्ड बूमरैंग चैंपियनशिप 2026 में भाग लेने के लिए भारतीय बूमरैंग टीम आज इंडोनेशिया रवाना हो गई। प्रस्थान से पूर्व टीम ने भारतीय जनता पार्टी के सांसद जगन्नाथ सरकार से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं प्राप्त कीं।

इस अवसर पर सांसद जगन्नाथ सरकार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें विश्व प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।

बूमरैंग खेल मूल रूप से जनजातीय (ट्राइबल) संस्कृति से जुड़ा हुआ है। भारतीय टीम के आठ खिलाड़ियों में से चार खिलाड़ी आदिवासी समाज से हैं। इनमें पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार निवासी भगवान दास टोप्पो भी शामिल हैं, जो इस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उनके मनोबल को बढ़ाने के लिए इंडो बूमरैंग एसोसिएशन के चेयरमैन नितिन खरबंदा विशेष रूप से उपस्थित रहे और टीम को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान बूमरैंग खेल का आकर्षक प्रदर्शन (डेमोंस्ट्रेशन) भी आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक मॉन्ट्रूज, सचिव भावना त्यागी, डॉ. असित, उपाध्यक्ष शुभांशु सिंह, जितेंद्र कुमार सहित अनेक खेल प्रेमी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।



भारतीय टीम के खिलाड़ी:

  • विवेक मॉन्ट्रूज
  • भगवान दास टोप्पो
  • भावना त्यागी
  • जय सिंह यादव
  • यश शुक्ला
  • बाला सुब्रह्मण्यम
  • प्रभाकरन
  • हरिओम सूर्यवंशी

टीम के चीफ डी मिशन के रूप में नितिन खरबंदा, डिप्टी चीफ डॉ. शुभांशु सिंह तथा लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित रविकांत मिश्रा टीम के प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

उल्लेखनीय है कि वर्ल्ड बूमरैंग चैंपियनशिप 2026 में दुनिया के लगभग 24 देशों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। भारतीय टीम से इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है, जिससे देश को वैश्विक खेल मंच पर नई पहचान मिलेगी।

Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post

Post A Comment:

0 comments: